n NBT न्यूज, कुरुक्षेत्र: कुरुक्षेत्र के LNJP अस्पताल में इलाज के लिए आई 15 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी कंसल्टेंट डॉक्टर शैलेंद्र शर्मा शैली को सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने कान पकड़कर माफी मांगी। पुलिस उसे मेडिकल जांच के लिए पैदल अस्पताल लेकर पहुंची। मामले का संज्ञान लेते हुए हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पीड़िता के पिता के अनुसार, बेटी को पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि डॉक्टर ने जांच के बहाने उसे ओपीडी में बुलाकर यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म किया। बाद में लड़की को ब्लीडिंग होने लगी, जिसके बाद इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। वहां उसने सीनियर डॉक्टरों को पूरी घटना बताई। मेडिकल जांच में यौन उत्पीड़न की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टर की सेवाएं भी समाप्त कर दी हैं।

