n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 208 मामले दर्ज कर 270 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 213 नशा तस्कर, 57 सोर्स तथा एक विदेशी नागरिक भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, जनवरी से मई 2026 के बीच नशा तस्करों और उनके नेटवर्क के खिलाफ चलाए गए अभियान में भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। पुलिस ने करीब 190 किलोग्राम गांजा, 183 ग्राम स्मैक, 1.076 किलोग्राम चरस, 271 ग्राम सुल्फा, 2.219 किलोग्राम अफीम, 171 प्रतिबंधित इंजेक्शन, 2953 प्रतिबंधित गोलियां और 1.73 ग्राम एमडीएमए जब्त की है। बरामद नशीले पदार्थों की बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
पुलिस का कहना है कि कार्रवाई केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त करने पर फोकस किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनके सप्लायर, सहयोगियों, वित्तीय स्रोतों और वितरण तंत्र की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके आधार पर अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कमिश्नर सतेंद्र गुप्ता ने बताया कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध नशा कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस की मुहिम आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।

