n NBT न्यूज, लखनऊ : मानकनगर की रामनगर कॉलोनी में दूषित पानी की सप्लाई से गुस्साए लोगों ने सोमवार को जलकल विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। महीनों से आ रहे गंदे पानी और लीकेज की समस्या पर कोई सुनवाई न होने से नाराज दर्जनों लोगों ने अवध चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर पुरानी और जर्जर पाइपलाइन जल्द न बदली गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब दो महीने से घरों में बदबूदार और मटमैला पानी आ रहा है। कई इलाकों में लो-प्रेशर की वजह से बूंद-बूंद को तरसना पड़ रहा है। स्थानीय पार्षद के पति गिरीश मिश्रा ने कहा कि समय रहते जर्जर पाइपलाइन नहीं सुधारी गई, तो बारिश आते ही संक्रामक बीमारियां महामारी का रूप ले लेंगी। कई घरों में बच्चे और बुजुर्ग पहले से पेट की बीमारियों से जूझ रहे हैं।
रेंगता रहा कानपुर रोड का ट्रैफिक : चक्काजाम के कारण कानपुर रोड की तरफ आने-जाने वाले वाहन चालकों को भारी मुसीबत झेलनी पड़ी। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बेपटरी हो गया। दोपहर बाद जलकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने जाम खोला।

