n NBT न्यूज, करनाल
करनाल के नेवल स्थित एयरक्राफ्ट ट्रेनिंग सेंटर में ट्रेनिंग फीस में भारी बढ़ोतरी के विरोध में ट्रेनी पायलटों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। पेट्रोल, डीजल और CNG के बढ़े दामों का असर अब ट्रेनिंग फीस पर भी दिख रहा है। स्टूडेंट्स का आरोप है कि सरकार ने पायलट ट्रेनिंग की कुल फीस 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 45 लाख कर दी है, जबकि कोर्स की अवधि और 200 घंटे की उड़ान ट्रेनिंग में बदलाव नहीं हुआ है। पहले प्रति घंटे 10 हजार रुपये शुल्क लिया जाता था, जिसे बढ़ाकर 20 हजार कर दिया गया है।
स्टूडेंट्स का कहना है कि उन्होंने जिस फीस संरचना के आधार पर दाखिला लिया था, उसे बीच में बदल दिया गया। रोहतक की अंजलि, दिल्ली की रीना और त्रिपुरा के सायन समेत कई स्टूडेंट्स ने आरोप लगाया कि ट्रेनिंग में देरी मैनेजमेंट की खामियों और विमानों की कमी के कारण हुई है। कई स्टूडेंट्स को ढाई से तीन साल हो चुके हैं, लेकिन कोर्स पूरा नहीं हुआ है।

