नई बाइक से वृंदावन जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद में नेशनल हाइवे पर सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक अपनी नई बाइक से वृंदावन दर्शन के लिए निकला था। रात करीब 12:30 बजे यह हादसा हुआ। परिवार को रात 1:37 बजे मौत की सूचना मिली। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

young man going to vrindavan on a new bike dies in a road accident

n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

नैशनल हाइवे स्थित सेक्टर-28 मेट्रो स्टेशन के पास रविवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक के भाई अजय गौतम और संजय गौतम ने बताया कि विजय पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था। करीब एक सप्ताह पहले ही उसने नई बाइक खरीदी थी। रविवार रात करीब 12:30 बजे वह अकेले बाइक से वृंदावन दर्शन के लिए निकला था। इसी दौरान हादसा हो गया। परिजनों के अनुसार रात करीब 1:37 बजे उन्हें विजय की मौत की सूचना मिली। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक की पहचान विजय गौतम (28) के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित मकनपुर में परिवार के साथ किराये पर रहता था। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के गांव जरौआ का निवासी था और एक दुकान पर नौकरी करता था।

पत्नी शाम को ही लौटी थी वृंदावन से : परिजनों ने बताया कि विजय की शादी चार वर्ष पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। रविवार को उसकी पत्नी रूबी भी वृंदावन दर्शन के लिए गई थी और शाम करीब छह बजे घर लौट आई थी। पत्नी से बातचीत करने के बाद विजय रात करीब 12:30 बजे बाइक लेकर वृंदावन के लिए रवाना हुआ था। परिजनों का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विजय की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई या किसी अन्य वाहन ने उसे टक्कर मारी।

वहीं, सेक्टर-31 थाना पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में किसी वाहन की टक्कर के संकेत नहीं मिले हैं। इसके बावजूद सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि हादसे की वास्तविक वजह जानने के लिए मेट्रो स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।