n NBT न्यूज, मुरादनगर
थाना क्षेत्र स्थित गंगनहर में डूबने से एक माह में 10 लोगों की जान जा चुकी है। इन घटनाओं को लेकर जिला और पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए गंग नहर में नहाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही, पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी है, ताकि नए नियम को पालन कराया जा सके।
बता दें कि मई में चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए दिल्ली-एनसीआर से बड़ी संख्या में मुरादनगर स्थित गंग नहर में नहाने के लिए आते हैं। अक्सर लोग नहाते वक्त गहरे पानी में चले जाते हैं। गहराई का अंदाजा नहीं होने से वह पानी में डूब जाते हैं। इसका संज्ञान लेकर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने गंगनहर घाट का औचक निरीक्षण किया था। इसके बाद सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता, एसडीओ, गंग नहर घाट के महंत मुकेश गोस्वामी और अमरीश अलंकार के साथ अपने कार्यालय में बैठक की। इस दौरान निर्देश दिए कि गंग नहर के किनारे विकास कार्यों के लिए पांच करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इससे गंग नहर में नहाने वाले लोगों के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए। पिछले कुछ दिनों में डूबने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

