n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
दशहरा मैदान में शॉर्ट विडियो बनाने के चक्कर में कुछ कार सवार युवकों ने जमकर हुड़दंग काटा। कारों की खिड़कियों और छतों से लटककर जानलेवा स्टंट किया। किसी ने इसका विडियो बना सोशल मीडिया पर डाल दिया। इसके बाद यह वायरल हो गया। विडियो सामने आने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है और संबंधित वाहन चालकों व युवकों की पहचान में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि यह घटना मंगलवार दोपहर की है। हालांकि, एनबीटी वायरल विडियो की पुष्टि नहीं करता है। विडियो में एक नीले रंग की बलेनो और एक सफेद रंग की वैगनआर कार मैदान के चक्कर लगाती दिखाई दे रही हैं। दोनों गाड़ियों की खिड़कियों और छतों पर कुछ युवक खतरनाक तरीके से लटके हुए नजर आ रहे हैं और तेज आवाज में शोर मचा रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि जिस समय यह स्टंटबाजी की जा रही थी, उसी दौरान मैदान में कई स्थानीय युवक और बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। कारों की तेज रफ्तार और लापरवाही भरे प्रदर्शन से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर थोड़ी सी भी चूक हो जाती या किसी वाहन का संतुलन बिगड़ जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
एसजीएम नगर थाना पुलिस का कहना है कि उनके पास इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत या सूचना नहीं पहुंची है। इसके बावजूद वायरल विडियो के आधार पर मामले की जांच कराई जाएगी। विडियो में दिखाई दे रहे लोगों और वाहनों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

