n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : अवैध नशे के कारोबार और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस ने बुधवार सुबह सेक्टर-56 स्थित राजीव कॉलोनी में बड़ा कॉम्बिंग और सर्चिंग अभियान चलाया। इसमें क्राइम ब्रांच की 10 टीमों के साथ करीब 100 पुलिसकर्मी, महिला पुलिसकर्मी, डॉग स्क्वॉड और कमांडो टीम शामिल रही। टीम ने तीन किलाे गांजा बरामद करने का दावा किया है।
एसीपी क्राइम वरुण दहिया के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाना था। सर्चिंग के दौरान कई मकानों और गलियों की जांच की गई। 3-4 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। सर्च अभियान से एक दिन पहले 2 जून को भी राजीव कॉलोनी क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई थी। विभिन्न क्राइम ब्रांच टीमों ने एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। एनआईटी की टीम ने बिहार निवासी निर्मल कुमार को 2 किलो 100 ग्राम गांजा के साथ सेक्टर-56 स्थित आशियाना फ्लैट के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी ने बताया कि वह मथुरा से गांजा लाता था।

