n NBT रिपोर्ट, नोएडा
दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में बुधवार को हुई आग की घटना के बाद नोएडा अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिले की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फायर ब्रिगेड की विशेष टीमों ने गुरुवार को नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित 23 होटलों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई नामी होटलों में अग्नि सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी पाई गई। विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच होटल संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और उन्हें अपनी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए 15 दिन का समय दिया है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि अभियान के तहत सेक्टर-18 में 10 और सेक्टर-104 में 5 होटलों समेत अन्य स्थानों पर निरीक्षण किया गया। जांच में सामने आया कि कई होटलों में फायर सिस्टम चलाने वाले कर्मचारियों के पास आपात स्थिति से निपटने का कोई प्रशिक्षण नहीं था। कुछ स्थानों पर पानी के भंडारण के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप टंकियां नहीं मिलीं, तो कहीं टंकियों का आकार बहुत छोटा था। सबसे गंभीर समस्या फायर सिस्टम में पानी का कम दबाव पाया गया। सेक्टर-104 स्थित छवि होटल में भी पानी का प्रेशर कम मिलने पर संचालक को कड़ी फटकार लगाई गई।
सीएफ़ओ ने स्पष्ट किया कि जिन होटलों को नोटिस दिया गया है, यदि उन्होंने 15 दिनों के भीतर कमियां दूर नहीं कीं, तो उनकी रिपोर्ट सिटी मजिस्ट्रेट को भेजी जाएगी और उनके व्यावसायिक लाइसेंस निरस्त करने की सिफारिश की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान अगले एक सप्ताह तक निरंतर जारी रहेगा। फायर विभाग ने संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे उपकरणों को सदैव कार्यशील रखें और कर्मचारियों के लिए नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करें। लापरवाही बरतने वाले संस्थानों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।


