n NBT रिपोर्ट, नोएडा: गौतमबुद्ध नगर से होकर गुजरने वाले यमुना एक्सप्रेसवे के 41 किलोमीटर हिस्से को ‘ नो प्रोटेस्ट जोन ’ घोषित कर दिया गया है। यह व्यवस्था जिले की सीमा में आने वाले एक्सप्रेसवे के 0 से 41 किलोमीटर तक के पूरे हिस्से पर लागू होगी। इसके तहत राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, किसान संगठनों या किसी अन्य समूह द्वारा सड़क पर धरना, प्रदर्शन या जाम लगाने पर रोक रहेगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इलाहाबाद हाई कोर्ट ने 22 मई को एक आदेश जारी किया था। इसमें कहा गया था कि प्रदेश के सभी एक्सप्रेसवे पर जाम जैसी स्थिति से बचने के लिए पहले से प्रभावी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए। पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न संगठनों द्वारा यमुना एक्सप्रेसवे और उसके आसपास किए गए प्रदर्शनों के कारण कई बार यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।

