n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सीकरी नाके पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते द्वारा पकड़े गए 19 कमर्शल वाहनों के मामले में अब जीएसटी विभाग ने जांच तेज कर दी है। शुरुआती जांच में माल के परिवहन से जुड़े दस्तावेजों और ई-वे बिलों में अनियमितता की आशंका जताई जा रही है। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि मामले में बड़े स्तर पर टैक्स चोरी का खुलासा हो सकता है। बुधवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को सूचना मिली थी कि दिल्ली से परचून व अन्य सामान लेकर आने वाले कुछ वाहन फरीदाबाद के रास्ते उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों में जा रहे हैं। सूचना पर सीकरी नाके पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया था, जिसमें 19 कमर्शल वाहनों को रोककर दस्तावेजों की जांच की गई। उड़नदस्ते की कार्रवाई के दौरान कई वाहनों के चालकों द्वारा प्रस्तुत बिलों और माल के विवरण में अंतर मिलने की बात सामने आई। इसके बाद सभी वाहनों से संबंधित रेकॉर्ड और दस्तावेज जीएसटी विभाग को सौंप दिए गए। अब विभाग ई-वे बिल, टैक्स इनवॉइस, माल की वास्तविक मात्रा और गंतव्य की पड़ताल कर रहा है।


