n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव: गांव दौलताबाद में रविवार को मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआत में पुलिस इसे गिरने से हुई मौत मानकर चल रही थी। जांच में पता चला कि युवक की हत्या सगे भाई ने की है। आपसी कहासुनी के बाद आरोपी ने ईंट व कस्सी से वार कर वारदात को अंजाम दिया।
रविवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में एक युवक का शव पड़ा है। राजेंद्र पार्क थाना पुलिस शव की स्थिति देख इसे गिरने से हुआ हादसा मान रही थी। मृतक की पहचान आशिष (26) निवासी दौलताबाद के रूप में हुई। केस दर्ज कर जांच शुरू की। टीम ने जांच के दौरान बुधवार को आरोपी भाई अमन को सेक्टर-106 स्थित प्लाजा के पास से गिरफ्तार किया। अमन ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि घटना के दिन आशिष अपने साथ एक बाहरी व्यक्ति को लेकर शराब पीने आया था। दोनों भाइयों में बहस हो गई। इसी दौरान अमन ने पास पड़ी ईंट और कस्सी से आशिष के सिर पर वार कर दिए।


