n NBT रिपोर्ट, फर्रुखनगर: गांव झाझरोला खेड़ा में एक तेज रफ्तार कार ने 3 वर्षीय बच्ची को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बुरी तरह से घायल बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
झाझरोला खेड़ा निवासी नरबीर ने बताया कि वह मजदूरी करता है। 31 मई की शाम करीब 7:30 बजे उसकी 3 वर्षीय बेटी गौरी घर के पास स्थित मंदिर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची मौके पर ही बेहोश हो गई। परिजन उसे तुरंत पास के अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद आरवी अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।


