n NBT न्यूज, नोएडा/ग्रेटर नोएडा
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में गुरुवार दोपहर आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। महज कुछ मिनटों के तूफान ने जहां दोनों जगहों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया, वहीं स्थानीय प्राधिकरणों के ड्रेनेज और मेंटेनेंस के दावों की भी पोल खोलकर रख दी। जगह-जगह पेड़, बिजली के खंभे और होर्डिंग्स गिरने से 100 से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कई सोसायटियों और मुख्य सड़कों पर घुटनों तक पानी भर जाने से यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। इसके साथ ही, बिजली के बुनियादी ढांचे को पहुंचे नुकसान के कारण दोनों शहरों के दर्जनों सेक्टरों और सोसायटियों में घंटों तक बत्ती गुल रही।


