n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
लोनी इलाके में अवैध निर्माणों और कॉलोनियों के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) का डंडा चला है। जीडीए उपाध्यक्ष के सख्त निर्देशों के बाद प्राधिकरण की प्रवर्तन जोन 8 की टीम ने ट्रोनिका सिटी के पास रामपार्क एक्सटेंशन की दीपसिटी कॉलोनी में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पांच बड़े अवैध निर्माणों को सील कर दिया है।
इस दौरान मौके पर स्थानीय लोगों और निर्माणकर्ताओं ने टीम का भारी विरोध किया और हंगामा करने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद प्राधिकरण के भारी पुलिस बल ने स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया। जीडीए की टीम ने दीपसिटी और रामपार्क एक्सटेंशन क्षेत्र में खसरा संख्या-16 के तहत आने वाले अलग-अलग प्लॉटों पर हो रहे अवैध निर्माणों को चिन्हित कर उन्हें पूरी तरह बंद कर दिया। विसम्भर के प्लॉट नंबर-26, अमित जैन का भूखण्ड संख्या-125, जावेद खान का खसरा संख्या-16, संदीप का प्लॉट नंबर-23 और 24 के अलावा राजेन्द्र सिंह के प्लॉट नंबर-14 और 20 को सील किया गया है।
अवैध निर्माणों को सील करने पहुंची इस टीम का नेतृत्व प्रभारी प्रवर्तन जोन-8 कर रहे थे। मौके पर हंगामे और विरोध की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।


