n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : बर्खास्त किए गए स्वास्थ्य कर्मी सुखबीर की बहाली की मांग को लेकर सिविल अस्पताल के कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल गुरुवार को 11वें दिन भी जारी रही। हड़ताली कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय के बाहर धरना देते हुए सरकार और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने रोजाना की तरह सीएमओ कार्यालय का घेराव किया। बाद में सिविल सर्जन ने कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया। सिविल सर्जन ने कहा कि बर्खास्त कर्मचारी की बहाली के लिए वह व्यक्तिगत स्तर पर प्रयास कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि एक-दो दिनों में सकारात्मक समाधान निकल सकता है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों से लगातार बातचीत चल रही है।


