17 जून को इकाना में होगा मैच
n NBT न्यूज, लखनऊ: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे शृंखला का दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। इसको लेकर इकाना स्टेडियम में तैयारियां तेज हो गई हैं। उत्तर प्रदेश क्रिकेट असोसिएशन ( यूपीसीए ) ने तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए गुरुवार को बताया कि भारत-अफगानिस्तान मैच के टिकटों की बिक्री रविवार से शुरू कर दी जाएगी।
टिकट व्यवस्था पर बात करते हुए यूपीसीए के कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला ने बताया कि टिकटों की शुरुआती कीमत 599 रुपये रखी गई है। अधिकतम कीमत में मैच का टिकट 25 हजार रुपये तक उपलब्ध रहेगा। उन्होंने बताया कि टिकटों की कीमतें मांग और उपलब्धता के आधार पर परिवर्तित हो सकती है। यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने बताया कि टिकटों की बिक्री ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से उपलब्ध रहेगी। ऑफलाइन माध्यम में दो से तीन विंडो इकाना पर खोली जाएंगी। वहीं, ऑनलाइन माध्यम में दर्शक बुक माय शो से टिकट बुक कर सकेंगे।
दर्शकों को मिलेगा नि:शुल्क पानी: यूपीसीए के कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला ने बताया कि जून में भीषण गर्मी को देखते हुए दर्शकों को नि:शुल्क पानी की व्यवस्था कराने की दिशा में इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रत्येक व्यक्ति से 15 से 20 ग्लास पानी नि:शुल्क देने की तैयारी है। पहला वनडे मैच धर्मशाला में खेलने के बाद दोनों ही टीमें 15 जून की शाम तक लखनऊ आएंगी। इसके बाद 16 जून को दोनों ही टीमें इकाना पर अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगी।


