n NBT न्यूज, फरीदाबाद : विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य हरियाणा सरकार के निर्देश पर नगर निगम की ओर से शहर को स्वच्छ एवं हराभरा बनाने के उद्देश्य से तीन वाॅर्डों में विशेष महा स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई। कर्मचारी से लेकर अधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने सफाई अभियान में भागीदारी दिखाई। तमाम लाव लश्कर के साथ सफाई अभियान छेड़ा गया। अलग-अलग जोन में अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई। वाॅर्डों में स्वच्छता अभियान के अंतर्गत ट्रैक्टर ट्रॉली और जेसीबी की मदद से कूड़ा उठाने का कार्य भी तुरंत किया गया।
बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर-40 से विधायक एवं विधायक मूलचंद शर्मा ने स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं हराभरा शहर केवल प्रशासन की नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। वहीं वार्ड नंबर-15 में सरदार जसवंत सिंह एवं निगम सचिव अनिल यादव के नेतृत्व में विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया। इस मौके पर सफाई इंस्पेक्टर हरवीर रावत तथा क्षेत्र के अनेक लोग उपस्थित रहे। वहीं कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा का कहना है कि महा स्वच्छता अभियान ऐसे ही आगामी दिनों में भी जारी रहेगा। अभियान के तहत सड़कों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, पार्कों तथा अन्य क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किए जाएंगे।


