n NBT न्यूज, हथीन : जिले में संचालित 70 खेल नर्सरियों की कार्यप्रणाली और खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा के लिए खेल विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी (डीएसओ) खुशवंत सिंह ने सभी खेल नर्सरियों को निर्देश दिए हैं कि वे 15 जून तक अपनी-अपनी सुविधाओं और गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट जिला खेल कार्यालय में प्रस्तुत करें।
डीएसओ खुशवंत सिंह ने बताया कि खेल विभाग का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले की सभी खेल नर्सरियों का निरीक्षण किया जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद जिला खेल अधिकारी स्वयं भी विभिन्न नर्सरियों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। इस दौरान यह देखा जाएगा कि नर्सरियों में नियुक्त कोच नियमित रूप से समय पर पहुंच रहे हैं या नहीं। इसके अलावा खिलाड़ियों और कोच की उपस्थिति रजिस्टर की भी जांच की जाएगी। खेल विभाग यह भी सुनिश्चित करेगा कि खिलाड़ियों को खेल सामग्री, प्रशिक्षण सुविधाएं और अन्य आवश्यक संसाधन निर्धारित मानकों के अनुसार मिल रहे हैं या नहीं।


