n NBT न्यूज, दादरी : दादरी क्षेत्र में सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण न होने और ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने के कारण क्रिटिकल कॉरिडोर (सीसी) टीम के चार पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है। पुलिस प्रशासन ने बुधवार को टीम प्रभारी उपनिरीक्षक समेत तीन कॉन्स्टेबलों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एडीसीपी ग्रेनो संतोष कुमार ने बताया कि निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक अजय कुमार, कॉन्स्टेबल मनीष, राहुल और अनुरुद्ध शामिल हैं।
विभागीय समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि दादरी क्षेत्र में विशेष सीसी टीम की तैनाती के बावजूद सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों में पिछले वर्ष की तुलना में कोई उल्लेखनीय कमी दर्ज नहीं की गई। दादरी, दनकौर और जेवर जैसे महत्वपूर्ण कोतवाली क्षेत्रों में इन टीमों को विशेष रूप से सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगाया गया था। इनकी जिम्मेदारी लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना, अवैध पार्किंग और सड़कों पर होने वाले अतिक्रमण पर नियंत्रण रखना तथा दुर्घटना संभावित संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखना था। अधिकारियों ने माना कि टीम की कार्यशैली दोषपूर्ण रही और वे हादसों को रोकने के उद्देश्य में विफल रहे। पुलिस के अनुसार सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नए सिरे से तैयारी की जा रही है और जल्द ही इस कॉरिडोर पर नई टीम तैनात की जाएगी।


