NBT न्यूज, चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार अब सरकारी विभागों के काम की समीक्षा केवल बैठकों और फाइलों के आधार पर नहीं करेगी। निकट भविष्य में इसके लिए भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निर्देश दिए हैं कि सभी विभाग अगले पांच वर्षों की अपनी कार्ययोजना और रोडमैप को विशेष रूप से तैयार किए गए एआई प्लेटफॉर्म पर अपलोड करें ताकि उनकी लगातार और व्यापक समीक्षा की जा सके। हरियाणा विजन-2047 के तहत आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने यह संकेत दिया कि अब सरकारी कामकाज को अधिक लक्ष्य आधारित और परिणाम केंद्रित बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि विभाग केवल बड़े लक्ष्य तय करके न बैठें बल्कि उन्हें पूरा करने के लिए सालाना और तिमाही स्तर की स्पष्ट कार्ययोजना भी तैयार करें।






