NBT न्यूज,अंबाला : अंबाला-दिल्ली नैशनल हाइवे पर i-20 कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि ड्राइवर ओर उसके साथी समय रहते कार से कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई। हादसे के कारण हाइवे पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम के चलते फायर ब्रिगेड की गाड़ी को मौके पर पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंचती, कार पूरी जल चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने कार को सड़क किनारे कराककर जाम खुलवाया। जाम खुलवाने में पुलिस को दो से तीन घंटे लग गए। अंबाला कैंट निवासी श्याम सिंह अपनी i-20 कार में करनाल गए थे। गुरुवार की देर रात वह अंबाला कैंट लौट रहे थे। उनके साथ ड्राइवर भी मौजूद थे। रास्ते में अचानक कार के बोनट से धुआं निकलने लगा। धुआं देख दोनों ने किसी तरह कार रोकी। स्थिति भांपते हुए दोनों तुरंत कार से बाहर निकल आए। पहले उन्होंने खुद ही आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैल गई और कार को पूरी तरह चपेट में ले लिया। देखते ही देखते कार से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।





