NBT न्यूज,यमुनानगर : जिले के कलेसर नेशनल पार्क में गुरुवार की रात को वन विभाग की टीम का सामना तेंदुए से हो गया। रात के अंधेरे में गश्त कर रही टीम को पहले दो आंखें चमकती हुई दिखाई दीं। जब सर्चलाइट डाली गई तो सामने शिकार की तलाश में बैठा तेंदुआ नजर आया। कुछ सेकेंड तक वह वहीं रुका रहा, लेकिन रोशनी और हलचल बढ़ने पर जंगल की ओर भाग गया।
डिस्ट्रिक्ट फॉरेस्ट ऑफिसर (DFO) संदीप सैनी ने शुक्रवार को बताया कि अपनी टीम के साथ कलेसर जंगल में रात्रि गश्त कर रहे थे। वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए टीम जंगल के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर रही थी। वन विभाग की टीम जंगल की थर्ड फायर लेन के पास पहुंची तो वहां कुछ गतिविधि दिखाई दी। यह वह स्थान है, जहां गर्मी और रात के समय जंगली जानवर पानी पीने के लिए आते हैं। टीम ने देखा कि दीवार पर एक तेंदुआ बैठा हुआ था। माना जा रहा है कि तेंदुआ शिकार की तलाश में वहां घात लगाकर बैठा था। गश्त कर रही थार गाड़ी की हेडलाइट उसकी तरफ पड़ी और अंधेरे में उसकी आंखें चमकती दिखाई दीं।
पहले तो टीम को सिर्फ चमकती आंखें दिखाई दीं। इसके बाद अधिकारियों ने सर्चलाइट उसकी तरफ घुमाई तो सामने तेंदुआ साफ नजर आने लगा।
करीब 17 सेकेंड तक तेंदुआ मौके पर दिखाई देता रहा। इस दौरान वह लगातार टीम की गतिविधियोंपर नजर रखता रहा। लगातार सर्चलाइट डाले जाने के बाद तेजी से वहां से उठा और घने जंगल की ओर चला गया। पूरी घटना का विडियो भी अधिकारियों ने रिकॉर्ड किया है।





