n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
हरियाणा में आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों का निजी अस्पतालों में इलाज जारी रहेगा। इंडियन मेडिकल असोसिएशन (IMA) हरियाणा ने योजना के तहत सेवाएं बंद करने का अपना फैसला वापस ले लिया है। आईएमए ने आयुष्मान भारत हरियाणा स्वास्थ्य प्राधिकरण (एचएचपीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) को पत्र लिखकर बताया है कि 5 जून की मध्यरात्रि से पूर्व नोटिस को निरस्त किया जा रहा है। आईएमए हरियाणा के अध्यक्ष डॉ. सुनीला सोनी, मानद सचिव डॉ. योगेश जिंदल और राज्य एचबीआई एवं आयुष्मान समिति के चेयरमैन डॉ. अजय महाजन द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि सीईओ द्वारा डॉक्टरों और अस्पतालों की शिकायतों पर सकारात्मक रुख अपनाया गया है। इसी के मद्देनजर संगठन ने अपने सदस्यों के साथ ऑनलाइन बैठक कर पहले के फैसले को वापस लेने का निर्णय लिया है। पत्र में आईएमए ने स्वास्थ्य प्राधिकरण के सहयोगात्मक रवैये की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में आयुष्मान योजना के संचालन को और बेहतर बनाया जाएगा, जिससे मरीजों, अस्पतालों और अन्य सभी हितधारकों को लाभ मिलेगा। गौरतलब है कि निजी अस्पतालों की विभिन्न मांगों और भुगतान संबंधी मुद्दों को लेकर आईएमए हरियाणा ने आयुष्मान योजना के तहत सेवाएं बंद करने की चेतावनी दी थी। इस निर्णय से लाखों लाभार्थियों के सामने उपचार को लेकर चिंता पैदा हो गई थी।






