पड़ोसियों के बीच विवाद, महिला ने मारपीट व छेड़छाड़ के लगाए आरोप

नवभारतटाइम्स.कॉम

बल्लभगढ़ के सुनपेड गांव में गुरुवार सुबह एक परिवार ने पड़ोसियों पर घर में घुसकर मारपीट और बेटी से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला ने नकदी लूटने का भी दावा किया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मारपीट की पुष्टि हुई है। छेड़छाड़ और लूट के आरोपों की जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।

bloody conflict between neighbors woman alleges serious charges of assault molestation and robbery

n NBT न्यूज, बल्लभगढ़

सदर थानाक्षेत्र के सुनपेड गांव में गुरुवार सुबह एक परिवार के साथ मारपीट और कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने पड़ोसियों पर घर में घुसकर हमला करने, बेटी के साथ अश्लील हरकत करने और नकदी लूटने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में मारपीट की घटना की पुष्टि हुई है, जबकि छेड़छाड़ और लूटपाट के आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी है। पीड़ित महिला द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 4 जून की सुबह करीब 7:40 बजे उसके पड़ोसी उसके पति के साथ गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने कथित तौर पर उसके पति पर हमला कर दिया। महिला का आरोप है कि बाद में अन्य लोगों को भी मौके पर बुला लिया गया, जिन्होंने परिवार के साथ मारपीट की। महिला ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसका गला दबाने का प्रयास किया और उसके पति के साथ मारपीट कर उनकी जेब से 5 हजार रुपये निकाल लिए। साथ ही उसने पूरी घटना को पूर्व नियोजित साजिश बताते हुए कहा कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ है, जिसकी फुटेज जरूरत पड़ने पर पुलिस को सौंपी जाएगी।

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा सीसीटीवी फुटेज की भी पड़ताल की। पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में मारपीट की घटना सामने आई है, लेकिन छेड़छाड़ और लूट के आरोपों के समर्थन में पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिले हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।