n NBT न्यूज, सोहना : वॉर्ड नंबर-13 स्थित पर्यटन विभाग की लगभग साढ़े नौ एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन का अभियान तीसरे दिन भी जारी रहा। इस भूमि पर अतिक्रमणकारियों ने कोठियां और पक्के मकान बनाए थे। जेसीबी मशीनें इन्हें तोड़ने में असफल हुईं। इसके बाद दो पोकलेन मशीनें मंगवाई गईं। 250 करोड़ की जमीन से कब्जे हटाए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, वर्षों पहले भूमाफिया ने पर्यटन विभाग की भूमि को बिना किसी वैध दस्तावेज के बेच दिया था। नोडल अधिकारी आर.एस. बाठ ने बताया कि तीसरे दिन तक 70% अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया जा चुका है। अधिकारियों का अनुमान है कि शनिवार शाम तक पूरी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा सकेगा। कॉलोनी में रहने वाले गरीब परिवारों के लिए सोहना स्थित देवीलाल स्टेडियम में अस्थायी टेंट की व्यवस्था की गई है।






