n NBT न्यूज, फरीदाबाद
साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर एक वरिष्ठ नागरिक से एक करोड़ 24 लाख 45 हजार रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित (59) निवासी रायपुर, राजस्थान, हाल निवासी त्रिपोलिया बाजार, जयपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 3 जून को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से आठ दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-85 निवासी एक बुजुर्ग ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 मार्च को उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताते हुए कहा कि उसके नाम से बेंगलुरु में संचालित एक बैंक खाते का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग और मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में किया गया है। आरोपियों ने गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर पीड़ित को अपने जाल में फंसा लिया। ठगों ने पीड़ित को विश्वास दिलाने के लिए आरबीआई, आयकर विभाग और सुप्रीम कोर्ट की मुहर लगे फर्जी दस्तावेज भी भेजे। साथ ही दावा किया कि जांच के लिए उसकी संपत्ति और बैंक खातों की राशि एक विशेष खाते में जमा करानी होगी, जो जांच पूरी होने के बाद लौटा दी जाएगी। झांसे में आए पीड़ित ने अप्रैल 2026 के दौरान अपने विभिन्न बैंक खातों से अलग-अलग खातों में कुल 1.24 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर कर दी। बाद में जब उसने रकम वापस लेने के लिए संपर्क किया तो सभी मोबाइल नंबर बंद मिले, जिससे उसे ठगी का पता चला। जांच में सामने आया कि आरोपी अमित के बैंक खाते में ठगी की रकम में से करीब 32 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था।






