फूड इंस्पेक्टर की गिरफ्तारी के लिए किसानों का मार्च

नवभारतटाइम्स.कॉम

कुरुक्षेत्र में गेहूं के सरकारी स्टॉक पर पानी डालने का मामला गरमाया है। निलंबित फूड इंस्पेक्टर अंकुर जांगड़ा की मुश्किलें बढ़ी हैं। शहीद भगत सिंह किसान यूनियन FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग कर रही है। किसानों ने शुक्रवार को रोष मार्च निकाला और सरकार का पुतला फूंका।

farmers march for food inspectors arrest allegations of damaging government wheat

NBT न्यूज,कुरुक्षेत्र

कुरुक्षेत्र जिले में गेहूं के सरकारी स्टॉक पर पानी की बौछारें छोड़ने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में सस्पेंड किए गए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर अंकुर जांगड़ा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अब शहीद भगत सिंह किसान यूनियन उनके खिलाफ FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए हैं। फूड इंस्पेक्टर की गिरफ्तारी के लिए किसानों ने शुक्रवार को रोष मार्च निकाला।

किसानों की शहीद भगत सिंह किसान यूनियन ने शुक्रवार को बीआर इंटरनैशनल चौक पर प्रदर्शन किया और सरकार का पुतला फूंका। यूनियन से जुड़े किसान सरकार का पुतला लेकर अनाज मंडी से चौक पर पहुंचे। पुतले की आंख और मुंह पर काली पट्टी बांध रखी थी।

यूनियन के महासचिव संजीव आलमपुर ने कहा कि सिर्फ सस्पेंड करना पर्याप्त कार्रवाई नहीं है। सरकारी गेहूं को नुकसान पहुंचाने के मामले में अंकुर जांगड़ा के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज होना चाहिए।