n NBT न्यूज, फरीदाबाद
शहर के एसजीएम नगर क्षेत्र में बिना किसी मान्यता प्राप्त मेडिकल डिग्री के क्लिनिक संचालित कर मरीजों का इलाज करने का मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर एक महिला को रंगे हाथों मरीजों का उपचार करते हुए पकड़ा। आरोपी के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, सिविल सर्जन फरीदाबाद के निर्देश और सीपीग्राम्स पर प्राप्त शिकायत के आधार पर 4 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एसजीएम नगर की 33 फीट रोड स्थित एक क्लिनिक पर छापा मारा। टीम में एसएमओ डॉ. ऋचा बत्रा, मेडिकल ऑफिसर डॉ. गौरव और ड्रग कंट्रोल ऑफिसर संदीप गहलान शामिल थे। जांच के दौरान क्लीनिक संचालक शाहीन बानो मरीजों का इलाज करती हुई मिलीं। अधिकारियों ने जब उनसे मेडिकल डिग्री, डिप्लोमा और रजिस्ट्रेशन संबंधी दस्तावेज मांगे तो वह कोई वैध प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं कर सकीं।
छापेमारी के दौरान क्लीनिक से बड़ी मात्रा में दवाइयां, मेडिकल उपकरण और प्रसव (डिलीवरी) से संबंधित सामग्री बरामद हुई। इससे संकेत मिला कि आरोपी महिला सामान्य उपचार के साथ-साथ गर्भवती महिलाओं की डिलिवरी भी करवा रही थी। क्लिनिक में रखी गई दवाइयों की खरीद-बिक्री का कोई रेकॉर्ड नहीं मिला और न ही किसी प्रकार का वैध लाइसेंस प्रस्तुत किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर एसजीएम नगर थाना पुलिस ने शाहीन बानो के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी पर ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं। पुलिस के अनुसार मामले की जांच एएसआई सुशील कुमार को सौंपी गई है। बरामद दवाइयों, उपकरणों और दस्तावेजों को कब्जे में लेकर उनकी जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






