NBT न्यूज, जींद
महेंद्रगढ़ जिले के कनीना के गांव चेलावास में जमीन के झगड़े में गुरुवार की रात एक महिला की कुल्हाड़ी और फरसों से हत्या कर दी गई है। महिला की पहचान ओमपती पत्नी राज सिंह के रूप में हुई है। महिला के देवर, उसकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। इसी जमीनी विवाद में एक वर्ष पहले महिला के ससुर की भी हत्या हो चुकी है। अब यह एक साल में दूसरी हत्या है।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि चेलावास गांव में जमीन को लेकर लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते करीब एक वर्ष पूर्व ओमपती के ससुर दयानंद की हत्या हुई थी। उस मामले में पुलिस ने दयानंद के पोते नरेंद्र पुत्र सुरेंद्र को गिरफ्तार किया था। अब ओमपती की हत्या के मामले में विनोद व उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर आरोप लगाए गए हैं।
महिला के जेठ सुरेंद्र ने बताया कि गुरुवार रात करीब बारह बजे उन्हें ओमपती के बेटे जय भगवान का फोन आया। वह मौके पर पहुंचे, जहां घर का मुख्य गेट बंद मिला। घर के बाहर कुछ लोग लाठियां लिए खड़े थे, जबकि अंदर से महिला के चीखने-चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं। कुछ देर बाद घर का गेट खुला और अंदर से कई लोग बाहर निकले, जिनके हाथों में फरसा, कुल्हाड़ी और अन्य हथियार थे।






