n NBT न्यूज, फरीदाबाद : कॉलेजों में अंडर ग्रैजुएशन कोर्स में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया जारी है। हायर एजुकेशन डिपार्टमेंट ने दाखिले के लिए गाइडलाइन भी जारी की हुई है। इसके अनुसार दाखिला लेने वाले छात्रों को फीस जमा करने के दौरान रैगिंग को लेकर अंडरटेकिंग देनी होगी।
अंडर ग्रैजुएशन कोर्स में दाखिले के लिए छात्रों को अब 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन करने का समय दिया गया है। आवेदनों की ऑनलाइन वेरिफिकेशन, अंतिम तारीख, मेरिट लिस्ट की तारीख, फीस जमा करने व फिजिकल काउंसलिंग की तारीख तय नहीं की गई हैं। डिपार्टमेंट ने दाखिले की गाइडलाइन पिछले दिनों जारी कर दी थी। गाइडलाइन के अनुसार, दाखिला लेने वाले छात्रों को भी एंटी रैगिंग को लेकर अंडरटेकिंग देनी होगी। इसके लिए फीस जमा करने के बाद छात्रों को मिनिस्ट्री ऑफ एजुकेशन की तरफ से बनाए गए पोर्टल www.antiragging.in पर अंडरटेकिंग फॉर्म भरना होगा। इसके बाद उसे डाउनलोड कर छात्रों को अपनी दाखिला लॉगइन आईडी से उसे पोर्टल पर भी अपलोड करना होगा। इसके बाद भी अगर छात्र रैगिंग से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है। कॉलेज में छात्रों के साथ रैगिंग संबंधित गतिविधियां न हों, इसलिए यह अंडरटेकिंग ली जा रही है।






