n NBT न्यूज, फरीदाबाद
शहर के डबुआ कॉलोनी इलाके में जूलरी शॉप पर चतुराई से ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक अज्ञात महिला ग्राहक बनकर दुकान पर आई और जेवर देखने के बहाने उसे बदलकर फरार हो गई। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। डबुआ कॉलोनी निवासी करण सोनी ने दी बताया कि उसने अपने मकान में प्रमोद ज्वैलर्स के नाम से जूलरी की दुकान खोल रखी है। 27 मई को दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच एक महिला उनकी दुकान पर आई और सोने के पैंडल दिखाने को कहा। करन सोनी के मुताबिक, उन्होंने अलमारी से सोने के 10 पैंडल वाला डिब्बा निकालकर महिला को दिखाया। आरोप है कि इसी दौरान महिला ने चालाकी से अपने साथ लाया हुआ नकली पैंडल असली पैंडल से बदल लिया। जब बाद में जांच की गई तो एक पैंडल नकली पाया गया। पीड़ित ने बताया कि बदला गया पैंडल करीब 5.400 ग्राम का था, जिसकी कीमत लगभग 78 हजार रुपये आंकी गई है। घटना के बाद करन सोनी ने अपने स्तर पर महिला की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने डबुआ थाना पहुंचकर शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी महिला की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जांच का जिम्मा एसआई देवेंद्र को दिया गया है।






