n NBT न्यूज, गाजियाबाद : जिले के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में रविवार को मरीजों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। शहर की 53 स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य आरोग्य मेला लगाया गया। इसमें करीब 4208 मरीजों ने उपचार कराया। जांच के बाद गंभीर स्थिति वाले 147 मरीजों को अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी गई। जिला सर्विलांस अधिकारी राकेश गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य आरोग्य मेला में मरीज वायरल बुखार , खांसी, जुकाम, गले में खराश, जोड़ों में दर्द, पेट दर्द और डिहाइड्रेशन की शिकायत लेकर पहुंचे। मौसम में लगातार बदलाव और बढ़ती गर्मी के कारण इन बीमारियों के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सलाह भी दी। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टर, फार्मासिस्ट और नर्सिंग स्टाफ समय पर मौजूद रहे। मरीजों को पंजीकरण से लेकर दवा वितरण तक किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा महिला एवं बच्चों के नियमित टीकाकरण कार्यक्रम भी संचालित किए गए। विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर बच्चों को निर्धारित टीके लगाए गए, जबकि कुत्ते और अन्य जानवरों के काटने वाले लोगों को रेबीज वैक्सीन भी उपलब्ध कराई गई।

