n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
शहर में लंबे समय से प्रस्तावित सरकारी अस्पताल के निर्माण में हो रही देरी के विरोध में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस (शहरी) अध्यक्ष पंकज डावर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने कमान सराय स्थित कांग्रेस कार्यालय से नागरिक अस्पताल स्थल तक पैदल मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी वाले गुड़गांव में आज भी एक बड़ा और आधुनिक सरकारी अस्पताल नहीं है। इसका सबसे ज्यादा असर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर पड़ रहा है, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पतालों की महंगी फीस चुकानी पड़ती है या दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। पंकज डावर ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर कई बार बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन अस्पताल निर्माण का काम अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अस्पताल के लिए जमीन उपलब्ध है और सत्ता पक्ष के कई वरिष्ठ नेता भी इस परियोजना का दौरा कर चुके हैं, तो फिर निर्माण कार्य में देरी क्यों हो रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि शहर में निजी अस्पतालों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं पर्याप्त नहीं हैं। आपात स्थिति में मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अस्पताल निर्माण को केवल घोषणाओं तक सीमित रखा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि अस्पताल निर्माण के लिए जल्द बजट जारी किया जाए, टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और परियोजना की स्पष्ट समयसीमा घोषित की जाए। चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो इस मुद्दे को व्यापक स्तर पर उठाया जाएगा। पर्ल चौधरी, सुनीता सहरावत, सीमा पाहुजा, सूबे सिंह यादव, सीमा हुड्डा, अशोक विहार फेज 3 आरडब्ल्यूए प्रधान विकास हुड्डा, भाल सिंह, संदीप मलिक, कैप्टन प्रताप आदि मौजूद रहे।


