n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
बीजेपी जिला कार्यालय गुरुकमल में रविवार को संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें गुड़गांव-बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में बूथ सशक्तीकरण, संगठन विस्तार और केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई। सभी वक्ताओं ने मजबूत बूथ, सक्रिय कार्यकर्ता और सशक्त संगठन को बीजेपी की विजय का आधार बताया।
मुख्य वक्ता हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष देश के इतिहास के स्वर्णिम अध्याय हैं। यह अवधि सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को समर्पित रही है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी वर्गों को साथ लेकर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने भी केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने बताया कि मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर जिले, मंडल और बूथ स्तर पर वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, 21 जून को योग दिवस, 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर विधायक मुकेश शर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी आदि मौजूद रहे।


