n NBT न्यूज, गुड़गांव
भीमगढ़ खेड़ी स्थित गवर्नमेंट स्कूल की बिल्डिंग को जर्जर घोषित किए जाने के छह महीने बाद भी कार्रवाई शुरू नहीं हो रही है। ऐसे में छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। क्षेत्र के लोगों और आरडब्ल्यूए ने प्रशासनिक स्तर पर हो रही देरी पर सवाल उठाते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग की टीम ने 26 नवंबर 2025 को स्कूल की बिल्डिंग का निरीक्षण कर इसकी ऊपरी मंजिल को उपयोग के लिए असुरक्षित और जर्जर घोषित कर दिया था। इसके बाद विभाग ने आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को पत्र भी भेज दिया था। इसके बावजूद कई महीनों तक मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के अनुसार उन्होंने 4 फरवरी 2026 को ईमेल के माध्यम से डीईओ कार्यालय से बिल्डिंग को लेकर की जा रही कार्रवाई की जानकारी मांगी थी, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर भवन को लेकर लंबे समय से चिंता बनी हुई थी और प्रशासन की ओर से समय रहते कदम नहीं उठाए जाने से लोगों में नाराजगी है। समग्र शिक्षा विभाग के जेई संजीव कुमार ने बताया कि स्कूल की बिल्डिंग का ऊपरी हिस्सा जर्जर घोषित किया गया है। जल्द ही इसे तोड़ने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बिल्डिंग के 8 कमरों को तोड़ा जाना है। उच्च अधिकारियों के निर्देश अनुसार आगे की कार्रवाई पूरी की जाएगी।

