n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ ऑर्गनाइजेशन (AIDYO) के नेतृत्व में युवाओं ने NEET पेपर लीक , भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों, बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ रविवार को बाबा प्रकाश पुरी चौक पर विरोध-प्रदर्शन किया। सरकार से रोजगार उपलब्ध कराने व पारदर्शी भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
संगठन के प्रांतीय संयोजक बलवान सिंह और राजेश गोस्वामी ने बताया कि लगातार हो रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों ने लाखों युवाओं की मेहनत पर पानी फेर दिया है। वर्षों की तैयारी के बावजूद युवाओं को परीक्षा रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं का सामना करना पड़ रहा है। आरोप लगाया कि सरकार रोजगार उपलब्ध कराने व निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था में विफल रही है। उपाध्यक्ष वजीर सिंह ने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और शिक्षा से जुड़े मुद्दे युवाओं के सामने बड़ी चुनौती बनकर खड़े हैं। युवाओं से एकजुट होकर अधिकारों के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया। प्रदर्शनकारियों ने नैशनल टेस्टिंग एजेंसी को भंग करने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, रोजगार के अधिकार को मौलिक अधिकार घोषित करने और विभागों में खाली पदों पर स्थायी भर्ती की मांग की। साथ ही, पेपर लीक और भर्ती घोटालों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।


