n NBT रिपोर्ट, नोएडा
सेक्टर 52 फोनरवा की बैठक में आरडब्ल्यू की शिकायत पर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सेक्टर 49 थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही हरिदर्शन चौकी प्रभारी पर विभागीय जांच और सेक्टर 110 चौकी प्रभारी के खिलाफ सस्पेंड की कार्रवाई की। वहीं कमिश्नर ने सेक्टर 24, 58 और फेज टू थाना प्रभारियों को कड़ी चेतावनी दी। मीटिंग में नोएडा एसीपी सेकंड को कड़ी फटकार लगाई गई और डीसीपी ट्रैफिक को मैरिज हॉल के सामने जाम लगनी वाली समस्या पर निजात पाने की सलाह दी। रविवार को फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) की मीटिंग थी। बैठक में विभिन्न सेक्टरों के आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने कमिश्नर से कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक जाम, पुलिस के रवैये और स्थानीय समस्याओं की शिकायत की। सेक्टर 49 थाना क्षेत्र में घरों में चोरी की अधिक घटनाओं होने की शिकायत मिलने पर कमिश्नर से भरी मीटिंग में ही सख्त रवैया अपनाने पर सेक्टर-49 थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया। इसी तरह सेक्टर-110 चौकी प्रभारी को निलंबित किया गया। वहीं फेस-2, सेक्टर-24 और सेक्टर-58 थाना प्रभारियों को चेतावनी दी।

