नहीं ठीक किए गए CCTV, नर्सों की सुरक्षा पर सवाल

नवभारतटाइम्स.कॉम

सोहना नागरिक अस्पताल में 14 दिन पहले नर्सिंग स्टाफ रूम में घुसकर महिला कर्मचारियों से अभद्रता हुई थी। घटना के बाद भी अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ है। खराब सीसीटीवी कैमरे अभी तक ठीक नहीं हुए हैं। पुलिस ने भी आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।

cctv faulty big question on nurses safety no action in 14 days at sohna civil hospital

n NBT न्यूज, सोहना: नागरिक अस्पताल में 27 मई की रात नर्सिंग स्टाफ रूम में घुसकर एक अज्ञात व्यक्ति ने महिला कर्मचारियों के साथ अभद्र एवं अश्लील हरकत की थी। घटना के 14 दिन बाद भी न तो अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था में कोई सुधार किया गया और न ही आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। ऐसे में सवाल उठता है कि नागरिक अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ की सुरक्षा किसके भरोसे है?

बता दें कि 27 मई की रात नागरिक अस्पताल स्थित जच्चा-बच्चा केंद्र के नर्सिंग स्टाफ रूम में एक अज्ञात व्यक्ति प्रवेश कर गया था। आरोप है कि उसने वहां मौजूद महिला नर्सिंग कर्मियों के साथ अश्लील हरकतें कीं। महिला कर्मचारियों ने इसकी शिकायत सोहना थाना पुलिस को देकर स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भी जानकारी दी थी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अस्पताल परिसर में खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को जल्द दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया था। हैरानी की बात यह है कि 14 दिन बाद भी अस्पताल में सीसीटीवी कैमरों ठीक नहीं किए गए। जिससे अस्पताल में कार्यरत महिला कर्मचारियों की चिंताएं और बढ़ गई हैं।

पुलिस पर भी उठ रहे सवाल: मामले में पुलिस की कार्रवाई भी सवालों के घेरे में है। शिकायत के बावजूद अभी तक आरोपी के खिलाफ केस दर्ज नहीं किए जाने और उसकी पहचान तक नहीं हो पाने से कर्मचारियों में नाराजगी है। अस्पताल स्टाफ का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाती तो आरोपी को पकड़ा जा सकता था।