n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-37 स्थित खेल मैदान को हॉकी स्टेडियम में परिवर्तित किए जाने की योजना का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। गुरुवार को बड़ी संख्या में सेक्टरवासियों, ग्रामीणों, खिलाड़ियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पहले ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सेक्टर-37 का खेल परिसर पिछले कई वर्षों से क्षेत्र के युवाओं, खिलाड़ियों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए एक महत्वपूर्ण खेल एवं व्यायाम केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है। यहां प्रतिदिन क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कुश्ती, दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, भाला फेंक और अन्य खेलों का अभ्यास किया जाता है। इसके अलावा सेना, अर्धसैनिक बलों और पुलिस भर्ती की तैयारी करने वाले सैकड़ों युवा भी इसी मैदान का उपयोग करते हैं। स्थानीय निवासी रविंद्र कुमार, अवधेश कुमार और नवीन सिंह ने कहा कि यदि मैदान को हॉकी स्टेडियम में बदल दिया गया तो इसकी अधिकांश भूमि एक ही खेल के लिए सीमित हो जाएगी। इससे हजारों युवाओं और खिलाड़ियों को उपलब्ध फ्री खेल सुविधा समाप्त हो जाएगी।


