जूलरी शॉप में असली उठाकर रखा नकली लॉकेट, गिरफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद में जूलर्स को ठगने वाली एक शातिर महिला को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। महिला ग्राहक बनकर दुकान पर आती और असली लॉकेट को नकली से बदलकर फरार हो जाती थी। पुलिस ने चोरी का सोने का लॉकेट भी बरामद किया है। आरोपी महिला का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।

faridabad crafty woman caught swapping real locket with fake in jewelry shop stolen gold recovered

n NBT न्यूज, फरीदाबाद

शहर में जूलर्स को निशाना बनाकर ठगी करने वाली एक शातिर महिला को क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से चोरी किया गया सोने का लॉकेट भी बरामद कर लिया है। आरोपी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

27 मई को थाना डबुआ क्षेत्र के अंतर्गत एक जूलर्स की दुकान पर ठगी की वारदात सामने आई थी। डबुआ कॉलोनी निवासी करन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक महिला ग्राहक बनकर उसकी दुकान पर आई और सोने का लॉकेट दिखाने को कहा। इसी दौरान महिला ने चालाकी से असली लॉकेट को नकली लॉकेट से बदल दिया और असली लॉकेट लेकर फरार हो गई। शिकायत मिलने पर थाना डबुआ पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि महिला पहले भी इसी तरह जूलर्स की दुकानों को निशाना बनाती रही है। वह दुकानदारों को बातों में उलझाकर असली गहनों को नकली से बदल देती थी। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, आरोपी महिला का आपराधिक रेकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ पहले से ही ठगी के तीन मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में अप्रैल महीने में जेल से बाहर आई थी। इससे पहले भी वह गुड़गांव के एक मामले में करीब दो महीने तक भोंडसी जेल में रह चुकी है। पुलिस अब आरोपी से और भी वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।