n NBT न्यूज, दादरी
भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जीटी रोड स्थित धूममानिकपुर बिजलीघर पर प्रदर्शन किया। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि दादरी नगर और आसपास के गांवों में लंबे समय से अघोषित बिजली कटौती की जा रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि कई इलाकों में लोगों को दिनभर में केवल 5 से 6 घंटे ही बिजली मिल रही है। सपा जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने कहा कि ओवरलोडिंग के कारण बार-बार ट्रिपिंग हो रही है, ट्रांसफॉर्मर फुंक रहे हैं और केबल खराब होने की घटनाएं बढ़ गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर अक्सर बंद रहते हैं और बिजलीघर पहुंचने पर अधिकारी उपलब्ध नहीं मिलते। साथ ही फॉल्ट ठीक करने के नाम पर अवैध वसूली किए जाने का भी आरोप लगाया गया। सपा नेताओं ने कहा कि जनप्रतिनिधि भी समस्या के समाधान के लिए प्रभावी पहल नहीं कर रहे हैं।


