निगम फाइनैंस कमिटी का गठन, अब सीनियर डिप्टी मेयर की बारी

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद नगर निगम में फाइनैंस कमिटी का गठन हो गया है। प्रदेश सरकार ने दो पार्षदों को सदस्य नियुक्त किया है। अब सीनियर डिप्टी मेयर की नियुक्ति बाकी है। इस नियुक्ति से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। दोनों प्रमुख नेताओं के खेमे अपनी पकड़ मजबूत करने में लगे हैं। मेयर ने मुख्यमंत्री को मामले से अवगत कराया था।

faridabad nigam finance committee formed senior deputy mayor appointment soon

n NBT न्यूज, फरीदाबाद

नगर निगम चुनाव हुए एक साल से अधिक समय गुजरने के बाद आखिरकार प्रदेश सरकार ने गुरुवार को फाइनैंस कमिटी के गठन पर मुहर लगा दी। सरकार ने वाॅर्ड नंबर-16 से पार्षद मनोज नासवा और वाॅर्ड नंबर-44 से पार्षद प्रदीप टोंगर को फाइनैंस कमिटी का सदस्य नियुक्त किया है। अब नगर निगम में केवल सीनियर डिप्टी मेयर की नियुक्ति बाकी रह गई है, जिसकी घोषणा भी जल्द होने की संभावना जताई जा रही है। दोनों नए सदस्य कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल खेमे से जुड़े माने जाते हैं। ऐसे में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर समर्थक पार्षदों में भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। निगम गलियारों में चर्चा है कि अब सीनियर डिप्टी मेयर पद को लेकर दोनों गुटों के बीच सियासी सक्रियता और बढ़ सकती है।

आपसी खींचतान के कारण फंसा था पेंच

दरअसल, ट्रिपल इंजन सरकार के तीसरे स्तर यानी पार्षद चुनाव हुए एक साल से ज्यादा समय बीत चुका था, लेकिन राजनीतिक खींचतान के चलते फाइनेंस कमिटी का गठन लगातार अटका हुआ था। दोनों प्रभावशाली नेताओं के खेमे अपने-अपने समर्थक पार्षदों को कमिटी में शामिल कराने के प्रयास में लगे थे। स्थिति ऐसी बनी कि मेयर प्रवीण जोशी के हाथ से फैसला निकलता दिखाई देने लगा। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को अवगत कराया था और कहा था कि अंतिम निर्णय अब सरकार स्तर पर ही लिया जाएगा। गुरुवार को सरकार ने निगम कमिश्नर और मेयर को शामिल करते हुए चार सदस्यीय फाइनेंस कमिटी का गठन कर दिया। बताया जा रहा है कि सरकार ने पार्षदों और मेयर को नोटिस जारी कर जवाब मांगे थे, जिसके आधार पर यह निर्णय लिया गया।