n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
शहर में गुरुवार को सिटी बसों के पहिए थमने से मुश्किल बढ़ गई। गुड़गांव महानगर सिटी बस लिमिटेड (GMCBL) की बसों का संचालन करने वाली कंपनी के ड्राइवर और कंडक्टर अचानक हड़ताल पर चले गए। सुबह पांच बजे से शुरू हुई हड़ताल ने साढ़े 11 घंटे तक हजारों यात्रियों की दिनचर्या को प्रभावित किया। सेक्टर-52 बस डिपो से संचालित होने वाली करीब 50 बसें पूरे दिन रूट पर नहीं उतरीं, जिससे शहर के अनेक प्रमुख मार्गों पर आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम साढ़े चार बजे बाद कर्मचारियों और कंपनी प्रबंधन के बीच सहमति बनने के बाद शहर में बस सेवा बहाल हो सकी।
मजबूरी में कैब का लेना पड़ा सहारा
हड़ताल का सबसे अधिक असर उन लोगों पर पड़ा, जो रोज सिटी बस सेवा के जरिए मानेसर, उद्योग विहार, सेक्टर-52, सेक्टर-37, सेक्टर-10 सहित मेट्रो स्टेशनों और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित कार्यालय, फैक्टरी, कॉलेज, बाजार और अस्पतालों तक पहुंचते हैं। सुबह के बिजली समय में बसें नहीं मिलने से कई यात्री बस स्टॉप पर लंबे समय तक इंतजार करते रहे। बड़ी संख्या में लोगों को मजबूरी में ऑटो, ई-रिक्शा और कैब का सहारा लेना पड़ा, जिससे उनका दैनिक यात्रा खर्च कई गुना बढ़ गया।


