n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : फरीदाबाद मेट्रोपॉलिटन डिवेलपमेंट अथॉरिटी ( FMDA ) के अधिकारियों ने गुरुवार को नैशनल हाइवे बड़खल चौक के नीचे से गुजरने वाले सबसे बड़े नाले का निरीक्षण किया। इस दौरान चौक के नीचे से गुजरने वाले शहर के सबसे बड़े नाले के अंदर जेसीबी (JCB) उतारकर सफाई शुरू की गई। पिछले 15 साल में इस नाले की सफाई नहीं की गई थी। इस कारण इसके भीतर करीब 10 फीट ऊंची गाद (मलबे और कीचड़) की परत जम चुकी थी। इतनी भारी मात्रा में जमा गाद के कारण नाले के अंदर से पानी आगे नहीं जा पाता था, जिस कारण हर साल बड़खल विधानसभा क्षेत्र में जलभराव होता था। इस दौरान मौके पर मौजूद ईएक्सईएन (EXEN) ओमदत्त ने चीफ इंजीनियर विशाल बंसल और एसई बीडी भनकौर को जमीनी स्थिति का मुआयना कराया।
बता दें कि यह नाला पूरे बड़खल विधानसभा क्षेत्र के लिए लाइफलाइन है, क्योंकि इसी के जरिए पूरे क्षेत्र के बरसाती पानी को बुढ़िया नाले तक ले जाया जाता है। अधिकारियों का दावा है कि इस नाले के साफ होने के बाद इस बार बड़खल और राष्ट्रीय राजमार्ग पर जलभराव की समस्या नहीं होगी।


