n NBT न्यूज, गुड़गांव: द्वारका एक्सप्रेसवे क्षेत्र के सेक्टर-106 स्थित बाबूपुर में प्रस्तावित निर्माण एवं ध्वस्तीकरण (कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन) डंपिंग यार्ड को लेकर नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने संबंधित विभागों से जवाब मांगा है। यह कार्रवाई द्वारका एक्सप्रेसवे गुरुग्राम डिवेलपमेंट असोसिएशन (डीएक्सपी-जीडीए) की ओर से दायर याचिका पर की गई। मामले की अगली सुनवाई 10 सितंबर को होगी। डीएक्सपी-जीडीए का कहना है कि जिस स्थान पर डंपिंग यार्ड बनाने की योजना है, उसके आसपास कई आवासीय सोसायटियां, नर्सरी स्कूल और अन्य संवेदनशील क्षेत्र मौजूद हैं। ऐसे में यहां निर्माण और तोड़फोड़ से निकलने वाला मलबा एकत्र होने से धूल और प्रदूषण से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। संस्था का आरोप है कि डंपिंग यार्ड बनाए जाने वाली जगह निर्माण एवं अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2016 के आधार पर नहीं है। इसी आधार पर एनजीटी का दरवाजा खटखटाया गया है।


