11 साल में इरोज कॉलोनी में नहीं मिला पानी कनेक्शन, सीएम से मिले

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद की इरोज गार्डन कॉलोनी के निवासी लंबे समय से पानी कनेक्शन न मिलने से परेशान हैं। कॉलोनी के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर बिजली, पानी और टेकओवर से जुड़ी समस्याओं को उठाया। उन्होंने बताया कि 11 साल बाद भी पानी का कनेक्शन नहीं मिला है। मुख्यमंत्री ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है।

eros colony residents yearning for water drops for 11 years appeal to cm

n NBT न्यूज, फरीदाबाद : इरोज गार्डन कॉलोनी की रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसायटी (RWS) के पदाधिकारियों ने सीएम नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। इस दौरान पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को कॉलोनी में लंबे समय से बिजली, पानी और टेकओवर से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। पदाधिकारियों ने सीएम के समक्ष कॉलोनी से संबंधित सभी मुद्दों को विस्तार से रखा और उनके जल्द समाधान की मांग की। इसके साथ ही पदाधिकारियों ने डीसी और नगर निगम कमिश्नर से भी मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग की है।

आरडब्ल्यूएस पदाधिकारियों का कहना है कि इरोज गार्डन एक लाइसेंस प्राप्त आवासीय कॉलोनी है, जिसका कंप्लीशन सर्टिफिकेट नवंबर 2018 में जारी किया जा चुका है। बिल्डर की अनिवार्य 5 वर्ष मेंटीनेंस अवधि भी नवंबर 2023 में समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद कॉलोनी को न तो पूर्ण सरकारी सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं और न ही निगम ने इसे टेकओवर किया है। कॉलोनी में अभी तक सरकारी जलापूर्ति उपलब्ध नहीं है। आरडब्ल्यूएस के प्रेसिडेंट सतीश ओम शर्मा ने बताया कि प्रशासन को भुगतान और स्वीकृति के करीब 11 साल बाद भी कॉलोनी को पानी का कनेक्शन जारी नहीं किया गया है। इसके अलावा निवासियों को डीएचबीवीएन के प्रत्यक्ष उपभोक्ता होने के बावजूद बिजली सेवाएं प्राप्त नहीं हो रही है। कॉलोनी में बिजली के आधारभूत ढांचे की स्थिति बेहद खराब है। वहीं, कॉलोनी के टेकओवर का मामला भी लंबित है। उन्होंने सीएम से इन मामलों में हस्तक्षेप कर समाधान कराने का अनुरोध किया। सीएम ने आरडब्ल्यूएस की बातों को सुना और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद आरडब्ल्यूएस पदाधिकारी डीसी और निगम कमिश्नर से भी मिले। इस दौरान कॉलोनी की समस्याओं और लंबित मांगों को पर चर्चा की गई। आरडब्ल्यूएस पदाधिकारियों ने बताया कि डीसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों तक समस्याओं को पहुंचाने और आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।