हिस्ट्रीशीटर एनकाउंटर में अरेस्ट

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने गुरुवार तड़के आईएमटी एरिया में एक हिस्ट्रीशीटर सोनू उर्फ भिखारी शाह को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत 28 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले पकड़ा।

faridabad history sheeter sonu alias bhikhari shah arrested in encounter accused was planning a major crime

n NBT न्यूज, फरीदाबाद

क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 और सेंट्रल की संयुक्त टीम ने गुरुवार तड़के मुठभेड़ के बाद आईएमटी एरिया से एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ नोएडा में गैंगस्टर एक्ट समेत हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत 28 मामले दर्ज हैं। आरोपी की पहचान सोनू उर्फ भिखारी शाह के रूप में हुई है। जोकि मूलरूप से बिहार के सीतामढ़ी का रहने वाला है और वर्तमान में दिल्ली के संगम विहार में रह रहा था। वह फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में हुई सेंधमारी की कई वारदातों में भी वांछित था। पुलिस का कहना है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।

नाकाबंदी के दौरान हुआ आमना-सामना : एसीपी क्राइम-2 वरुण कुमार दहिया ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम आईएमटी चौक चंदावली क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में नोएडा की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर अमूल फैक्ट्री के पास मच्छगर रोड पर नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा और संतुलन बिगड़ने से गिर गया। पुलिस के करीब आते ही उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और उसे काबू कर लिया गया।

बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई पुलिसकर्मी की जान : मुठभेड़ के दौरान आरोपी की एक गोली पी/एसआई दीपक लोहान की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने चार राउंड फायरिंग की थी। घटनास्थल से पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .32 बोर की पिस्टल, कई खोखे, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, नकदी और एक बाइक बरामद की है। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।