व्यवस्था ने दम तोड़ा, ठेले पर ‘आखिरी सफर’

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद के बादशाह खान सिविल अस्पताल में व्यवस्थाओं पर सवाल उठे हैं। एक मृतक का शव अस्पताल से ठेले पर ले जाया गया। परिजनों को एंबुलेंस नहीं मिली। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। लोगों में स्वास्थ्य विभाग के प्रति नाराजगी है। अधिकारी जांच की बात कह रहे हैं। पीड़ित परिवार से शिकायत मांगी गई है।

व्यवस्था ने दम तोड़ा, ठेले पर ‘आखिरी सफर’

n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

बादशाह खान सिविल अस्पताल की व्यवस्थाओं पर उस समय गंभीर सवाल खड़े हो गए, जब एक मृतक का शव ठेले पर ले जाए जाने का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि यह विडियो बुधवार रात का है, जिसमें कुछ लोग अस्पताल परिसर से शव को ठेले पर ले जाते दिखाई दे रहे हैं।

विडियो बना रहे व्यक्ति का दावा है कि मृतक के परिजनों को अस्पताल की ओर से ऐंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई, जिसके चलते उन्हें मजबूरी में शव को ठेले पर ले जाना पड़ा। हालांकि मृतक और उसके परिजनों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में स्वास्थ्य विभाग और सरकारी अस्पतालों की सुविधाओं को लेकर नाराजगी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मामले की जानकारी होने से इनकार करते हुए कहा कि वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं बीके सिविल अस्पताल के सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. विकास गोयल का कहना है कि वायरल विडियो की जानकारी सामने आने के बाद इस बारे में पता कराया गया तो किसी की तरफ से इस बारे में काई जानकारी नहीं मिल सकी। सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि वायरल विडियो की जांच कराई जा रही है। पीड़ित परिवार को परेशानी हुई है तो वह संपर्क कर शिकायत दे सकता है। इस मामले में कार्यवाहक प्रभारी डॉ विकास गोयल को जांच कर एक्शन रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।