nपीटीआई, नई दिल्ली
भारत में बने पहले C-295 सैन्य परिवहन विमान की पहली परीक्षण उड़ान कामयाब रही। वायु सेना ने सोशल मीडिया पर इस ऐतिहासिक उपलब्धि की जानकारी दी और पूरी टीम को बधाई दी। यह उड़ान वड़ोदरा स्थित फैक्ट्री में बुधवार को भरी गई। वायुसेना ने कहा कि यह उपलब्धि भारत की बढ़ती एयरोस्पेस क्षमताओं को मजबूत करती है और आत्मनिर्भर भारत के नजरिये से स्वदेशी रक्षा क्षमता को बढ़ावा देने की वायु सेना की प्रतिबद्धता को दिखाती है।
वायु सेना ने एयरबस के साथ 56 C-295 परिवहन विमानों की खरीद की डील की है। करीब 21,935 करोड़ रुपये की इस डील में से 40 विमानों को टाटा अडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड वड़ोदरा में बना रहा है। इसके लिए वहां एक यूनिट भी लगाई गई है।
वायुसेना को मिला नया विमान मिसाइल अलर्ट सिस्टम, नाइट विजन और आर्मर्ड कॉकपिट से लैस है। यह दुश्मन की मिसाइल से बच सकता है, रात में भी उड़ान भर सकता है और पायलट की सुरक्षा भी बेहतर है दुनिया भर में ट्रांसपोर्ट और ISR यानी खुफिया निगरानी के लिए C-295 सबसे विश्वसनीय माना जाता है। इसके रखरखाव पर अपेक्षाकृत कम खर्च आता है। यह छोटे और बिना तैयार रनवे से भी उड़ानभर सकता है।


